
– मदीना में इबादत के दौरान तबीयत बिगड़ी
न्यूज स्टॉपेज डेस्क
झारखंड के धनबाद ज़िला अंतर्गत लोयाबाद निवासी हाजी हैदर मिया का पवित्र हज यात्रा के दौरान मदीना मुन्नव्वरा में इंतकाल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वे मदीना में इबादत के दौरान अचानक अस्वस्थ हो गए, जिसके बाद उनका निधन हो गया। इस घटना के बाद राज्य के हज यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच शोक की लहर फैल गई है।हाजी हैदर मिया 20 अप्रैल 2026 को कोलकाता एयरपोर्ट से हज यात्रा के लिए रवाना हुए थे। उनकी उम्र लगभग 64 वर्ष बताई जा रही है। उनका जेआरएफ नंबर 587-3-0 था। वे अपनी पत्नी के साथ हज यात्रा पर गए थे, जो वर्तमान में मदीना में ही मौजूद हैं।
हज कमेटी ने दी आधिकारिक जानकारी
इस संबंध में हज कमेटी के कार्यपालक अधिकारी आफताब अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि मदीना में इबादत के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उनका इंतकाल हो गया। हज कमेटी द्वारा आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अल्लाह तआला से दुआ की जा रही है कि मरहूम को जन्नतुल फिरदौस में आला मकाम अता फरमाए और उनके परिजनों को सब्र-ए-जमील अता करे। इस सूचना को झारखंड राज्य हज समिति के खुर्शीद अनवर की ओर से जारी किया गया है
