न्यूज स्टॉपेज डेस्क
रांची में एदार-ए-शरीया झारखंड की ओर से ईद उल फित्र के चांद को लेकर महत्वपूर्ण अपील जारी की गई है। संस्था के नाजिम-ए-आला मौलाना मुहम्मद कुतुबुद्दीन रिज़वी ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 मार्च 2026, दिन जुमेरात, रमजानुल मुबारक 1447 हिजरी की 29वीं तारीख है और इसी दिन ईद उल फित्र का चांद नजर आने की प्रबल संभावना है। उन्होंने सभी मुस्लिम समुदाय से अपील की है कि वे चांद देखने की पूरी तैयारी रखें और विशेष रूप से ऊंचे स्थानों से चांद देखने की कोशिश करें। मौलाना रिज़वी ने कहा कि राज्य भर के सभी आलिम, मस्जिदों के इमाम, रुएत-ए-हिलाल कमेटियों के इंचार्ज और मस्जिद कमेटियों के पदाधिकारी पूरी तरह सतर्क और तैयार रहें। यदि कहीं चांद नजर आता है तो इसकी सूचना तुरंत एदार-ए-शरीया झारखंड, इस्लामी मरकज हिंदपीढ़ी के निर्धारित मोबाइल नंबरों पर दी जाए। साथ ही स्थानीय जिम्मेदारों, धार्मिक आलिमों और जिला व क्षेत्रीय रुएत-ए-हिलाल केंद्रों को भी सूचना देना अनिवार्य बताया गया है, ताकि शरई शहादत प्राप्त की जा सके।
काजीयाने शरीयत का फैसला ही सर्वमान्य
एदार-ए-शरीया ने यह भी स्पष्ट किया है कि चांद होने या न होने के संबंध में काजीयाने शरीयत का फैसला ही सर्वमान्य होगा। संस्था के अनुसार, किसी भी स्थान पर चांद नजर आने की स्थिति में काजीए शरीयत के समक्ष कम से कम दो व्यक्तियों की गवाही अनिवार्य होगी। इसको लेकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में जिम्मेदार आलिम और स्कॉलर्स को तैनात किया गया है। जुमेरात, 19 मार्च को मगरिब से पूर्व ही एदार-ए-शरीया के सभी काजीयाने शरीयत, मुफ्तियाने केराम, उलेमा और समाज के प्रमुख लोग हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार शाह की दरगाह, रिसालदार नगर, डोरंडा (रांची) में मौजूद रहेंगे। वहीं राज्यभर के विभिन्न स्थानों पर मस्जिदों के इमाम और कमेटियों के सदस्य अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर चांद देखने के लिए तैनात रहेंगे।
अफवाह से बचने की अपील
एदार-ए-शरीया ने समुदाय से अपील की है कि चांद के मामले में किसी भी प्रकार की अफवाह या अफरातफरी से बचें और केवल काजीयाने शरीयत के आधिकारिक फैसले का इंतजार करें। साथ ही रुएत-ए-हिलाल की अलग-अलग कमेटियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे बिना शरई सबूत के किसी प्रकार का ऐलान न करें और शरीयत के उसूलों का पूरी तरह पालन करें। संस्था ने यह भी चेतावनी दी है कि किसी भी इमाम या जिम्मेदार व्यक्ति पर गलत तरीके से ईद का ऐलान करने का दबाव न बनाया जाए। इस वर्ष राज्य के 70 से अधिक स्थानों पर चांद देखने की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि सही और प्रमाणिक जानकारी सुनिश्चित की जा सके।
संपर्क के लिए जारी किए गए मोबाइल नंबर:
9199780992, 6202583475, 9835553380, 9771338239, 9934137121, 9801370638, 9939235678, 7366854786, 7070207995, 9334427997, 9304411329, 9835365215, 9199883085, 9693974786, 8862981017, 9835130183, 9835126780, 7979013076, 7001063703
