न्यूज स्टॉपेज डेस्क
रांची जिला प्रशासन ने गैस सिलिंडर की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एदलहातु क्षेत्र में एक मकान पर छापेमारी की। 24 मार्च की रात करीब 8:55 बजे हुई इस कार्रवाई में घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों का अवैध भंडारण और रिफिलिंग का खुलासा हुआ।
अवैध रिफिलिंग का नेटवर्क उजागर
जांच में सामने आया कि किराए के मकान में घरेलू गैस सिलिंडरों से छोटे व व्यावसायिक सिलिंडरों में अवैध रूप से गैस ट्रांसफर कर कालाबाजारी की जा रही थी। मौके से रिफिलिंग मशीन, पाइप और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।
छापेमारी के दौरान क्या-क्या सामान मिला
छापेमारी के दौरान प्रशासन को निम्नलिखित सामग्री मिली—
घरेलू गैस सिलिंडर 14.2 किग्रा (Indane) के कुल 5 सिलिंडर मिले, जिनमें 3 भरे हुए और 2 खाली थे। इसके अलावा 14.2 किग्रा का 1 HP गैस सिलिंडर भरा हुआ मिला। 5 किग्रा का छोटा Indane सिलिंडर 1 संख्या में मिला, जो खाली था। 19.2 किग्रा के Go Gas व्यावसायिक सिलिंडर 2 संख्या में मिले, जो दोनों खाली थे। इनके साथ बड़े सिलिंडर से छोटे सिलिंडर में गैस भरने के लिए इस्तेमाल होने वाली रिफिलिंग मशीन, रेगुलेटर, पाइप और गैस का वजन करने के लिए डिजिटल माप-तौल मशीन भी बरामद की गई।
कानूनी कार्रवाई हुई शुरू
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार सख्ती जारी रहेगी।
किल्लत के बीच बढ़ी सख्ती
रांची में एलपीजी सिलिंडरों की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच जिला प्रशासन लगातार निगरानी और छापेमारी कर रहा है। यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा है। कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग की दें सूचना
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलिंडर की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग की सूचना तुरंत प्रशासन, संबंधित थाना या ईमेल के माध्यम से दें। ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
