न्यूज स्टॉपेज डेस्क
राजधानी रांची में अपराध पर लगाम लगाने और पुलिस की सक्रियता परखने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बीती रात करीब 02:00 बजे जिले में तैनात पीसीआर वाहनों और उनमें प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों व जवानों के गश्ती कार्यों का औचक निरीक्षण किया। एसएसपी राकेश रंजन ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे रात्रि गश्ती अभियान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यह देखा कि पीसीआर वाहन और हाईवे पेट्रोलिंग टीम किस तरह से अपने कर्तव्यों का पालन कर रही है और अपराध नियंत्रण के लिए कितनी सक्रियता से काम कर रही है।
PCR-02 में लापरवाही, तत्काल निलंबन
निरीक्षण के क्रम में PCR-02 में प्रतिनियुक्त एक पदाधिकारी को ड्यूटी के दौरान अपने कर्तव्यों का सही तरीके से पालन करते नहीं पाया गया। कर्तव्य में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित पदाधिकारी को निलंबित कर दिया।
सभी पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश
निरीक्षण के बाद जिले में कार्यरत सभी पीसीआर और हाईवे पेट्रोलिंग में तैनात पदाधिकारियों एवं जवानों को निर्देश दिया गया कि वे रात्रि गश्ती के दौरान पूरी तरह सजग और सतर्क रहें, ताकि शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
